|
|
कलेक्टर और एसपी ने परेड ग्राउण्ड का किया निरीक्षण आगर-मालवा : स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय आगर के परेड ग्राउण्ड पर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने बुधवार को परेड ग्राउण्ड का निरीक्षण कर वहां विभिन्न विभागों द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की, की जा रही व्यवस्थाओं, तैयारियों और प्रबंधो का अवलोकन किया और अधिकारियों को बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परेड ग्राउण्ड में जल भराव स्थलों को चिन्हित कर वहां मुरम चूरी आदि डलवाकर ग्राउण्ड को दुरूस्त करवाएं। जिससे कि परेड में शामिल प्लाटूनों को कोई असुविधा न हो। कलेक्टर ने दर्शकों के लिये एलईडी की व्यवस्था, वाटर प्रुफ टेंट की व्यवस्था, माईक व साउण्ड सिस्टम की व्यवस्था एवं आपात चिकित्सा व्यवस्था करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रवीन्द्र कुमार बोयत, नगर पालिका आगर सीएमओ श्री कुशालसिंह डुड़वे, रक्षित निरीक्षक श्रीमती सपना परमार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। |