रतलाम। शहर में सोमवार को आस्था, साहस और नारी शक्ति की अद्भुत मिसाल देखने को मिली। रतलाम की बेटी सना संजना पाटिल ने अकेले कावड़ यात्रा निकालकर यह संदेश दिया कि यदि मन में दृढ़ संकल्प और भगवान महादेव के प्रति अटूट आस्था हो तो कोई भी रास्ता कठिन नहीं होता। सना की इस अनोखी कावड़ यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और शहरवासियों ने उनके हौसले की सराहना की।
जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय सना संजना पाटिल, जो रतलाम के ग्लोबल टाउनशिप में निवास करती हैं, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे न्यू रोड से कावड़ यात्रा पर रवाना हुईं। उन्होंने माही नदी का पवित्र जल कावड़ में लेकर महादेव के दरबार की ओर कदम बढ़ाए। यात्रा के दौरान उनके मन में भगवान शिव के प्रति गहरी श्रद्धा और विश्वास दिखाई दिया। अकेले कावड़ लेकर निकली सना ने यह साबित किया कि नारी शक्ति किसी सहारे की मोहताज नहीं है।
सना की यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, संकल्प और स्वावलंबन का प्रेरणादायी संदेश भी बनी। रास्ते में लोगों ने उनकी यात्रा को देखा और उत्साहवर्धन किया। यात्रा का समापन गढ़ कैलाश पहुंचकर भगवान महादेव का माही नदी के जल से जलाभिषेक करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर भाजपा नेता सोनू यादव, शिव निकवाल, राम बाबू शर्मा, तपन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सना संजना पाटिल के इस साहसिक और धार्मिक प्रयास की सराहना की।
सना की कावड़ यात्रा ने यह संदेश दिया कि साथ मिले या न मिले, लेकिन यदि विश्वास मजबूत हो तो कदम अपने आप मंजिल की ओर बढ़ते जाते हैं। उनकी इस यात्रा को रतलाम में नारी शक्ति और सनातन आस्था की प्रेरणादायी मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत