|
नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को हिंगोरिया स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान तीन शिक्षक अनुपस्थित मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रत्येक अनुपस्थित शिक्षक का सात-सात दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से गणित विषय से जुड़े सवाल पूछे और मौके पर ही प्रश्न हल करवाकर उनकी विषयगत समझ एवं शैक्षणिक दक्षता को परखा। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर श्री चंद्रा ने उन्हें नियमित अध्ययन करने और आत्मविश्वास के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं में अनियमितता सामने आने पर कलेक्टर ने संकुल प्राचार्य के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। वहीं, तीन शिक्षक ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें तत्काल उपस्थित होने के निर्देश दिए गए और उनके सात-सात दिवस के वेतन में कटौती के आदेश दिए गए। मामले में बीआरसी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि अनुपस्थित शिक्षक तत्काल उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, एसडीएम सुश्री पराग जैन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा भी उपस्थित रहे। |