|
नीमच। पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच पुलिस को चैन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करने में सफलता मिली है। नीमच केंट थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये है, तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा नीमच केंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में की गई। महिला से घर के पास छीनी थी सोने की चेन पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 को स्कीम नंबर 36, नीमच निवासी श्रीमती पवन कुमारी जैन ने नीमच केंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने पति के साथ रात में खाना खाने के बाद घूमने गई थीं। वापस लौटते समय घर के पास कमल रामनानी के मकान के सामने एक युवक उनके पास आया। युवक ने सफेद शर्ट, जींस और चेहरे पर लाल रंग का मास्क लगा रखा था। उसने अचानक उनके गले से करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गया। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 431/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रंजीत पिता बंशीलाल खटीक, उम्र 42 वर्ष, निवासी बेगू, राजस्थान तथा मोहम्मद सईद पिता सिकन्दर उस्ता, उम्र 28 वर्ष, निवासी बेगू, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मांडलगढ़ कोर्ट परिसर के बाहर से एक मोटरसाइकिल RJ 06 XS 9706 चोरी की थी। इसके बाद उसी मोटरसाइकिल से सुनसान गलियों में जाकर चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सोने की चेन एवं मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। शौक-मौज और नशे की पूर्ति के लिए करते थे वारदात पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शौक-मौज एवं नशे की पूर्ति के लिए मिलकर वारदात करते थे। चोरी की मोटरसाइकिल से कमजोर एवं वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही चेन खींचकर सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए सुनसान रास्तों से फरार हो जाते थे। दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई अपराध पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रंजीत के विरुद्ध मध्यप्रदेश में 36 अपराध दर्ज हैं, जबकि मोहम्मद सईद के विरुद्ध मध्यप्रदेश में 9 अपराध दर्ज होना सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी: 1. रंजीत पिता बंशीलाल खटीक, उम्र 42 वर्ष, निवासी बेगू, राजस्थान। 2. मोहम्मद सईद पिता सिकन्दर उस्ता, उम्र 28 वर्ष, निवासी बेगू, राजस्थान। बरामद मश्रुका: - करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन — अनुमानित कीमत 1 लाख 90 हजार रुपये। - चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक RJ 06 XS 9706। पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक भगवतसिंह, उपनिरीक्षक शिवलाल कलमी, सहायक उपनिरीक्षक अनिल राजपुरोहित, प्रधान आरक्षक श्रीपालसिंह थाना जावद, आरक्षक सर्वेश, मधुसूदन, राहुल, सोनेन्द्र, आशुतोष, प्रहलाद एवं सुनील शर्मा सहित डीएसटी टीम चित्तौड़गढ़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। |