|
नीमच । जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने सोमवार को जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, आईसीयू एवं इमरजेंसी का निरीक्षण किया तथा भर्ती मरीजों से उपचार, दवाइयों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। सीईओ श्री वैष्णव ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों एवं स्टाफ को पूरी मुस्तैदी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा वार्डों, आईसीयू, इमरजेंसी एवं अन्य परिसरों में नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाइयां, जांच एवं उपचार की सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। |