|
सरोदा। विद्याभारती ग्रामभारती जिला नीमच द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर सरोदा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय समिति के पदाधिकारी, सदस्य, अतिथिगण, ग्रामवासी, आचार्य परिवार तथा विद्यालय के भैया-बहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय से निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुआ। शोभायात्रा में बाल स्वरूप श्रीकृष्ण, राधा, सुदामा एवं ग्वाल-बाल के स्वरूप में सजे भैया-बहनों का ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा चारभुजा मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर गत वर्ष की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में बहिन खुशी धाकड़, सरोदा, राधा सजाओ में बहिन भविता कुशवाह, मेघपुरा तथा मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विद्यालय के पूर्व छात्र भैया रवि धाकड़ को विजेता घोषित कर पुरस्कृत किया गया। अतिथियों द्वारा श्रीफल फेंककर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के पूर्व छात्र भैया नारायणलाल धाकड़ ने मटकी फोड़ने में सफलता प्राप्त की। वर्तमान वर्ष की प्रतियोगिताओं में श्रीकृष्ण सजाओ में वेदिका कुंवर राठौड़, राधा सजाओ में भूमिका सेन तथा मटकी सजाओ में मधु धाकड़ का अतिथियों द्वारा चयन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री चारभुजानाथ जी को बाल भोग लगाया गया तथा प्रसाद का वितरण सभी उपस्थितजनों में किया गया। कार्यक्रम में श्री रामचंद्र धाकड़ पूर्व सरपंच, विद्यालय अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, श्री राधेश्याम नईमा, श्री हीरालाल नईमा, श्री गुलाब सिंह सिसोदिया, श्री कमलेश धाकड़ सहित समिति सदस्य एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रहलाद सिंह राठौड़ ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों, आचार्य परिवार एवं भैया-बहनों का आभार व्यक्त किया। |