|
आगर-मालवा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर आगर-मालवा में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण रहा। जिला मुख्यालय स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर सहित विभिन्न श्रीकृष्ण मंदिरों में धार्मिक आयोजन हुए। इसी क्रम में संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से श्री मुरली मनोहर मंदिर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से आयोजित कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के कलाकारों ने भक्ति गीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं और दर्शकों को देर रात तक भक्तिरस में बांधे रखा। उज्जैन के कलाकार श्री सुंदरलाल मालवीय एवं साथी कलाकारों ने श्रीकृष्ण भक्ति पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों से पूरा मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर हो गया। इसी दौरान उज्जैन की कलाकार सुश्री कशिश सितलानी एवं उनके साथी कलाकारों ने श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। नृत्य और संगीत के माध्यम से श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम और लोकमंगल की भावना को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुति का दर्शकों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रीकृष्ण पर्व का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी आस्था को कला और संस्कृति से जोड़ते हुए नई पीढ़ी तक उनकी जीवन-दृष्टि एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को पहुंचाना है। आयोजन ने श्रद्धालुओं और कला-प्रेमियों को भक्ति, संगीत और नृत्य के माध्यम से एक साथ जुड़ने का अवसर प्रदान किया। |