|
बीमा कंपनी के अधिकारियों ने किया किसानों से संवाद...बीमा संबंधी समस्याओं के समाधान का दिलाया विश्वास आगर-मालवा : जिले के कृषकों की फसल बीमा संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के निराकरण हेतु कलेक्टर डा शेर सिंह मीना के निर्देशन में गुरुवार 10 सितम्बर 2026 को कृषक संवाद एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषकों एवं फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के मध्य सीधा संवाद स्थापित किया गया। उपसंचालक कृषि आगर मालवा श्री गोपेश पाठक ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस संवाद में कृषकों ने अवगत कराया कि टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराने के 72 घंटे के भीतर सर्वे हेतु कंपनी प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित नहीं होते हैं तथा टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने पर फोन रिसीव नहीं होता है। कृषकों ने मांग की कि फसल बीमा कंपनी द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की संपूर्ण जानकारी हेतु ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित कर किसानों को जागरूक किया जाए। साथ ही व्यक्तिगत असफल बुवाई को फसल बीमा गाइडलाइन में शामिल करने तथा AY/TY के आंकड़े NCIP पोर्टल पर सार्वजनिक करने की मांग भी की गई। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत पात्र बीमित कृषक की मृत्यु होने पर उत्तराधिकारी प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर बैंक द्वारा खाता धारक की प्रक्रिया को मान्य किये जाने की मांग रखी गई। कृषकों द्वारा खरीफ वर्ष 2025 में हुई फसल क्षति का पुनः आंकलन कर फसल बीमा क्लेम राशि का भुगतान करने, रबी फसल के विगत 03 वर्षों की TY उपलब्ध कराने एवं रबी वर्ष 2025-26 में हुई ओला वृष्टि से हुई फसल क्षति का शीघ्र आंकलन कर क्लेम राशि प्रदान करने की मांग की गई। विकासखण्ड सुसनेर के सोयतकलां हल्का में फसल बीमा क्लेम प्राप्त नहीं होने जबकि आस-पास की पंचायतों में भुगतान हो जाने की समस्या भी संज्ञान में लाई गई। कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा समस्त समस्याओं को वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराकर शीघ्र निराकरण करने एवं ग्राम स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित करने का विश्वास दिया । कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री गोपेश पाठक, फसल बीमा कंपनी के मैनेजर श्री प्रशांत कुमार, चीफ मैनेजर श्री विवेक श्रीवास्तव, भारतीय किसान संघ के श्री रामनारायण तैजरा, श्री डूंगरसिंह सिसोदिया, श्री रघुसिंह चौहान, श्री प्रमोद जोशी सहित बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे। |