|
चीताखेड़ा । मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (नीमच संभाग) में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने समय पर वेतन भुगतान न होने को लेकर विभाग के कार्यपालन यंत्री को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने आउटसोर्स एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने और भविष्य में नियमित समय पर मानदेय सुनिश्चित कराने की मांग की है। नियमित काम के बावजूद मानदेय में देरी कर्मचारियों ने सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया कि वे मेसर्स ऑल ग्लोबल सर्विसेज प्रा. लि. (मुंबई) के माध्यम से नीमच संभागीय कार्यालय में पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित एजेंसी द्वारा अगस्त माह का वेतन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बैंक खातों में जमा नहीं कराया गया। वेतन भुगतान में बार-बार हो रहे इस अनावश्यक विलंब के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि माह अगस्त का बकाया वेतन बिना किसी देरी के तुरंत कर्मचारियों के बैंक खातों में अंतरित किया जाए। संबंधित एजेंसी को कड़े निर्देश दिए जाएं ताकि हर महीने निर्धारित समय-सीमा के भीतर वेतन का भुगतान सुनिश्चित हो सके। आवश्यक सेवाओं से जुड़े आउटसोर्स कर्मियों के आर्थिक हितों की अनदेखी बंद हो। कर्मचारियों का कहना है कि जब वे अपनी सेवाएं बिना किसी रुकावट के लगातार दे रहे हैं, तो मानदेय के लिए उन्हें बार-बार परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर एजेंसी को निर्देशित करने की मांग की है। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |