रतलाम / सैलाना। लड़की के भागने की बात को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र की धामनोद चौकी अंतर्गत ग्राम केसरपुरा के कुछ लोग हथियारों से लैस होकर सैलाना निवासी एक दंपती के घर में घुस गए। आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और महिला के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
न्यायालय में पेश करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया, जबकि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
लड़की के भागने की बात पर घर में घुसकर हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सैलाना थाना क्षेत्र के ग्राम केसरपुरा निवासी दिनेश की लड़की के भागने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दिनेश पिता कचरू, दशरथ पिता कचरू, विनोद पिता शैतान, दिलीप पिता सुखराम और धन्नालाल पिता गौतम, सभी निवासी केसरपुरा, अपने अन्य साथियों के साथ सैलाना निवासी नारायण पिता कचरू डोडियार के घर पहुंचे।
आरोप है कि सभी लोग लकड़ी, फरसा और कुल्हाड़ी जैसे हथियार लेकर घर में घुसे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान नारायण की पत्नी नदीबाई के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पन्द्रो तथा सैलाना एसडीओपी आईपीएस लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश और धामनोद चौकी प्रभारी गुलाब सिंह भयड़िया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों नामजद आरोपियों दिनेश, दशरथ, विनोद, दिलीप और धन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय के आदेश पर पांचों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी पांचों आरोपियों को उपजेल सैलाना भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश, धामनोद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गुलाब सिंह भयड़िया, प्रधान आरक्षक दिलीप देसाई, पप्पू वाघेला, आरक्षक तूफान सिंह भूरिया, मनीष खराड़ी तथा महिला आरक्षक अश्विनी का विशेष सहयोग रहा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत