रतलाम / सरवन। ग्राम सरवन में देर रात संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंचायत भवन के पीछे शिक्षक कॉलोनी क्षेत्र में 24 सितंबर की रात करीब 2 बजकर 25 मिनट पर अज्ञात लोगों ने एक मकान पर पथराव किया। घटना से रहवासी घबरा गए। बताया जा रहा है कि संदिग्ध बदमाशों के चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और उनकी गतिविधियां आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हुई हैं। मौके से पत्थर, मुंह पर बांधने वाला कपड़ा और साथ लाया गया भोजन भी मिलने की बात सामने आई है।
रात के सन्नाटे में अचानक हुए पथराव के बाद कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ समय से रात के दौरान संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी जा रही है। इससे पहले भी मकानों के दरवाजे रात में खटखटाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
6 अगस्त की चोरी से अब तक नहीं मिला सुराग
इसी क्षेत्र में रहने वाले प्रकाश पिता रामा खराड़ी के मकान में 6 अगस्त की रात चोरी हुई थी। प्रकाश के अनुसार वह अपनी पत्नी के साथ काम के लिए बाहर गए थे। अगले दिन पड़ोसी द्वारा घर का दरवाजा खुला होने की सूचना देने पर चोरी का पता चला। मामले में सरवन थाने में FIR क्रमांक 0297/2026 दर्ज की गई। FIR के अनुसार घटना 7 अगस्त की रात 1 से 5 बजे के बीच हुई और मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305(a) और 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
फरियादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में घर से तीन लाख रुपए नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी दी थी। बाद में 10 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में प्रकाश खराड़ी ने मामले की त्वरित जांच और जांच समिति गठित करने की मांग की। उनका कहना है कि घटना के बाद से वे लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिली।
पहले दरवाजे खटखटाए, अब पथराव से बढ़ी चिंता
क्षेत्रवासियों ने 26 अगस्त को सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया को आवेदन देकर रात में गश्त बढ़ाने की मांग भी की थी। आवेदन में बताया गया था कि 24 अगस्त की रात करीब 2 बजे अज्ञात लोगों ने प्रकाश खराड़ी और रामकुंवर के मकान के दरवाजे खटखटाए थे। चोरी की पूर्व घटना के बाद ऐसी गतिविधियों से कॉलोनी में भय का माहौल बनने की बात रहवासियों ने पुलिस के सामने रखी थी।
अब 24 सितंबर की रात पथराव की घटना सामने आने के बाद रहवासी एक बार फिर पुलिस से रात में नियमित गश्त, CCTV फुटेज की जांच और संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में चोरी और आपराधिक गतिविधियों को लेकर भय और बढ़ सकता है।
चोरी के बाद दरवाजे खटखटाने की घटना और अब आधी रात पथराव—सरवन की इस कॉलोनी में आखिर रात के अंधेरे में कौन सक्रिय है? यह सवाल अब रहवासियों के साथ पुलिस के सामने भी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत