रतलाम / बाजना। विद्या भारती के मार्गदर्शन में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को देशभर में एक समय, एक लय और एक ताल के साथ आयोजित वंदे मातरम् सामूहिक गान कार्यक्रम के तहत बाजना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में भी राष्ट्रगीत का सामूहिक गान हुआ। राष्ट्रगीत की गूंज से विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों सहित अतिथियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों, अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों और आचार्य परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला समिति सह सचिव श्री मांगीलाल खराड़ी रहे। मुख्य अतिथि के रूप में बाजना तहसीलदार श्री देवेंद्र कुमार धनगर उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी राजस्व विभाग श्री संजय मौर्य ने की। विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश पुरी गोस्वामी ने कार्यक्रम की भूमिका रखने के साथ संचालन एवं अतिथि परिचय कराया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत विद्यालय की श्रद्धा डिंडोर दीदी, निर्मला चारेल दीदी एवं सावल सिंह आचार्य ने किया। श्री सत्तू डामोर आचार्य ने अमृत वचन प्रस्तुत किए, जबकि बिंदिया वाघेला ने व्यक्तिगत गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की दीदी संगीता गोस्वामी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वंदे मातरम् के सामूहिक गान के दौरान विद्यालय परिसर में अनुशासन और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला। विद्यालय के 375 भैया-बहनों सहित अतिथि गण, संयोजक मंडल के सदस्य, पूर्व छात्र, अन्य विद्यालयों के भैया-बहिन, अभिभावक गण तथा आचार्य परिवार कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार सामूहिक गान में कुल 682 लोगों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक श्री कृष्ण कुमार मईडा, विद्यालय समिति के सदस्य श्री दिनेश वसुनिया, विद्यालय के आचार्य परिवार तथा भैया-बहनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत के गान ने विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमुदाय में राष्ट्रभक्ति, एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया।
रिपोर्ट ईश्वर टांक (बाजना )