रतलाम। नवरात्रि पर्व के दौरान श्री कालिका माता मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन और भक्तों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग उठी है। पूर्व छात्र नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता गुंजन शर्मा और जयेश राठौर ने इस संबंध में रतलाम कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया को पत्र सौंपकर प्रशासन से आवश्यक हस्तक्षेप एवं व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।
पत्र में कहा गया कि नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री कालिका माता मंदिर में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन, पूजा-अर्चना और आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचते हैं। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले भक्त अपनी आस्था और मनोकामना लेकर माता के दरबार में पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में उन्हें शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सम्मानजनक वातावरण मिलना आवश्यक है।
गुंजन शर्मा और जयेश राठौर ने पत्र में पूर्व वर्षों के अनुभवों का हवाला देते हुए कहा कि दर्शन व्यवस्था के दौरान समिति के कुछ सदस्यों अथवा सेवादारों के व्यवहार को लेकर श्रद्धालुओं द्वारा शिकायतें एवं असंतोष व्यक्त किया गया है। उनका कहना है कि यदि दर्शन व्यवस्था के दौरान किसी भक्त को असुविधा या दुर्व्यवहार का सामना करना पड़े तो इससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि इस वर्ष नवरात्रि के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं कतार व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। मंदिर परिसर में आवश्यकता के अनुसार प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
इसके अलावा बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने, श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या दुर्व्यवहार को रोकने तथा मंदिर समिति एवं सेवादारों को भक्तों के प्रति विनम्र, सहयोगपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश देने की मांग की गई है।
पत्र में यह भी कहा गया कि माता के दरबार में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु श्रद्धा, विश्वास और आस्था लेकर आता है। इसलिए दर्शन व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें किसी भक्त को अनावश्यक परेशानी न हो और वह बिना तनाव के माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सके।
अब देखना होगा कि नवरात्रि पर्व को देखते हुए प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है और श्री कालिका माता मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए कितनी बेहतर एवं भक्त-अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत