|
गरबा पाण्डालों के आयोजक अनुमति अवश्य प्राप्त करें और पाण्डालों में पर्याप्त वालेंटियर रखें - कलेक्टर डॉ. मीना नवरात्रि में किसी भी गांव में विद्युत आपूर्ति बंद न रहें- विधायक श्री गेहलोत ध्नवि विस्तारक यंत्रो का निर्धारित ध्वनि सीमा में उपयोग किया जाएगा आगर-मालवा : जिले में अक्टूबर माह में नवरात्रि, दशहरा, वाल्मीकि जयंति आदि त्योहारों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में मंगलवार की शाम को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक श्री माधव सिंह मधु गेहलोत, सांसद प्रतिनिधि श्री दिनेश परमार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भेरूसिंह चौहान सहित समिति के सदस्यगण एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मीना ने कहा कि बैठक में प्राप्त सुझाव के आधार पर आगामी त्यौहारों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा में किया जाएगा। गरबा का आयोजन अधिकतम रात्रि 12 बजे पूर्व तक ही हो सकेगा। तुलजा भवानी मंदिर मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन स्थल पर सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मंडी बड़ौद में उपज की बड़ी संख्या में आवक के कारण यातायात की समस्या का सुव्यवस्थित प्रबंधन कर समाधान किया जाएगा तथा नई कृषि उपज मंडी के लिये चयनित स्थान पर मंडी को शिफ्ट करने की कार्यवाही की जाएगी। विधायक श्री मधु गेहलोत ने प.क्षै. वि.वि. कम्पनी आगर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि के नौ दिन किसी भी गांव में किसी भी कारण से विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, लाईट बंद न हो, ऐसी व्यवस्था की जाए। उन्होंने बड़े गरबा पाण्डालों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने, प्रमुख स्थानों, चौराहों पर रात्रि में सुरक्षा पाईंट लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्री जितेश राठौर ने डी.जे. का उपयोग गरबा पाण्डालों में तय डेसीबल से अधिक आवाज में नहीं करने एवं जहां पर गरबा पाण्डाल स्थापित हो वहां देवी की मूर्ति अनिवार्य रूप से स्थापित किये जाने का सुझाव दिया। श्री दिनेश परमार ने सुझाव दिया कि गरबों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गीत, संगीत ही हो, फिल्मी गीत, संगीत पर प्रतिबंध होना चाहिए। उन्होंने देवी मूर्ति के विसर्जन के लिये एक ही दिन निर्धारित करने का सुझाव दिया। समिति सदस्य डॉ. मीना स्वणर्कार ने मॉ तुलजा भवानी मंदिर मार्ग पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की जाने के सुझाव दिये। बैठक में समिति सदस्य श्री अर्जुन सिंह, श्री भेरूसिंह चौहान, व्यापारी संघ अध्यक्ष श्री देवीलाल सोनी सहित अन्य उपस्थित सदस्यों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिये। बैठक में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्त्व ने आगामी त्योहारों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयोजकों को गरबा पाण्डाल के लिये 48 घंटे पूर्व आवेदन प्रस्तुत कर लिखित अनुमति प्राप्त करना होगी। अनुमति की कॉपी पाण्डाल में भी चस्पा की जावेगी। सभी छोटे आयोजक 15 एवं बड़े आयोजक 30 से 35 वालेंटियर्स की व्यवस्था गरबा पाण्डाल में करेंगे। वालेंटियर्स की सूची संबंधित पुलिस थाने में दी जाएगी । गरबा पाण्डाल स्थापित करने में ध्यान रखा जावेगा यातायात में कोई बाधा न हो। गरबा पाण्डालों के समीप वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी आयोजकों को करना होगी। जिले के प्रमुख देवी मंदिरों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी, आयोजक द्वारा विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था भी करना होगी। गरबा पाण्डालों में देवी मूर्ति की सुरक्षा की व्यवस्था आयोजक करेंगे। अस्थायी विद्युत कनेक्शन भी अनिवार्य होगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी आयोजक लगाएंगे और पाण्डालों को कनात आदि से कवर करेंगे। गरबों में आपत्तिजनक, भडकाउ गीत संगीत बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। |