|
513 ग्राम MD ड्रग, 9 किलो डोडाचूरा और KIA सेल्टोस सहित 15.29 लाख रुपये का माल जब्त... मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पिपलियामंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक KIA सेल्टोस कार से 513 ग्राम MD ड्रग और 9 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर एक कथित अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त कार, मोबाइल सहित कुल 15 लाख 29 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल के जिला स्तरीय पर्यवेक्षण में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए एसडीओपी मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी पिपलियामंडी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डुंगलावदा फंटा, बालागुढ़ा-बही पार्श्वनाथ रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध KIA सेल्टोस कार क्रमांक GJ03LG9006 को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रदीप पिता ओमप्रकाश शर्मा 39 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 23, वाटर वर्क्स रोड, प्रतापगढ़, राजस्थान बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 513 ग्राम MD ड्रग और 9 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ जब्त करते हुए आरोपी प्रदीप शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जब्त MD ड्रग की कीमत करीब 5 लाख रुपये, डोडाचूरा की कीमत 9 हजार रुपये, KIA सेल्टोस की कीमत करीब 10 लाख रुपये तथा रियलमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल करीब 20 हजार रुपये बताया गया है। मामले में थाना पिपलियामंडी पर अपराध क्रमांक 302/2026, धारा 8/15, 22 NDPS Act के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में MD ड्रग और डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस अब मादक पदार्थों के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। कार्रवाई में निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, थाना प्रभारी पिपलियामंडी, उपनिरीक्षक रितेश डामोर, चौकी प्रभारी पिपलियामंडी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। |