रतलाम। महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर महर्षि वाल्मीकि सनातन धर्म सभा विकास समिति, रतलाम द्वारा अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम ट्रस्ट के सौजन्य से सामाजिक समरसता, समाज कल्याण और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया गया। सुभाष नगर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में पंचकुंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें रतलाम शहर सहित जिले की विभिन्न तहसीलों से आए वाल्मीकि समाज के परिजनों ने सहभागिता करते हुए पूर्णाहुति में भाग लिया।
समिति अध्यक्ष पंडित शिवपाल छापरी एवं समिति संयोजक कमल भाटी वाल्मीकि ने बताया कि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर समिति द्वारा पहली बार पंचकुंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, नशामुक्ति को बढ़ावा देने, पर्यावरण की रक्षा करने और सामाजिक एकता एवं समरसता की भावना को मजबूत करना रहा।
महायज्ञ के दौरान समाज सुधार और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर यज्ञ में शामिल यजमानों एवं अतिथियों को सम्मानित करते हुए प्रत्येक को एक-एक पौधा भेंट किया गया। पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और प्रकृति को सुरक्षित रखने का आह्वान किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने की इस पहल को आयोजन की विशेष उपलब्धि के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीपति राम शर्मा, वाल्मीकि योगाचार्य श्रीमती रजनी छापरी, स्पोर्ट्स कोच जितेंद्र धूलिया, आलोट से श्री कल्याणी जी, श्री रमेश काकड़े, धामनोद से संतोष धौलपुर सहित रतलाम के अशोक , मुकेश खरे, अमित घोसर, अमर गिरजे, लेखराज भाटी, चंचल चौहान, टोनी चौहान, सुनील गोरन, विजय भाटी, पवन भाटी, जयश्री देव हंस भाटी, जयश्री गोसर, रोहित भाटी, मनीष भाटी, मोहित भाटी, गौरव भाटी, निर्मला भाटी और डॉली भाटी सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन में सैकड़ों समाजजनों ने सहभागिता की।
क्रिकेट प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
वाल्मीकि जयंती के अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन के साथ खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहन दिया गया। श्री कृष्णा ग्राउंड पर वाल्मीकि ट्रैफिक क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें रतलाम शहर के वाल्मीकि समाज के क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ भाग लिया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित महायज्ञ और क्रिकेट प्रतियोगिता ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण तथा युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी रोहित भाटी ने दी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत