|
|
शामगढ़/मंदसौर। आपातकालीन परिस्थितियों में 108 एम्बुलेंस सेवा एक बार फिर जीवनदायिनी साबित हुई। मंदसौर जिले के शामगढ़ क्षेत्र में गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया गया। एम्बुलेंस में तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) मुकेश कुमार की तत्परता और पायलट विकास मालवीय के सहयोग से मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रघुनाथपुर निवासी 25 वर्षीय दुर्गा पति राकेश को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही शामगढ़ से ALS एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को सुवासरा अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुई।
रास्ते में तेज हुई प्रसव पीड़ा
अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए EMT मुकेश कुमार ने पायलट विकास मालवीय से एम्बुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रुकवाया। इसके बाद ERCP डॉक्टर से संपर्क कर मार्गदर्शन लिया गया और परिजनों की सहमति से एम्बुलेंस में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया गया।
प्रशिक्षण और सूझबूझ से कराया सुरक्षित प्रसव
EMT मुकेश कुमार ने अपनी तत्परता और प्रशिक्षण के आधार पर एम्बुलेंस में प्रसव कराया। नवजात के जन्म के बाद मां और बच्चे की जांच की गई। दोनों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें सुवासरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को स्वस्थ बताया।
परिजनों ने जताया आभार
इस घटना के बाद परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि समय पर एम्बुलेंस पहुंचने और कर्मचारियों की तत्परता से आपात स्थिति में उन्हें बड़ी राहत मिली।
108 सेवा के अधिकारियों के अनुसार, ALS एम्बुलेंस में ऑक्सीजन, मॉनिटर और डिलीवरी किट सहित आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रहते हैं, जो आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल सहायता देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शामगढ़ क्षेत्र में EMT मुकेश कुमार और पायलट विकास मालवीय के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की जा रही है। यह घटना आपातकालीन सेवाओं में तत्परता, प्रशिक्षण और मानवीय संवेदनशीलता के महत्व को दर्शाती है।
रिपोर्टर – जसपाल टेलर, प्रदेश मीडिया प्रभारी, मन्दसौर, मध्यप्रदेश
INTERNATIONAL SSE NEWS CHANNEL
Instagram: @jaspal_tailor_sse_news_mp_14_
हर खबर सबसे पहले | सच्ची खबर – सच्चाई के साथ