|
नीमच : बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा शुक्रवार को जावद तहसील के ग्राम पंचायत ताल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे नाश्ते में शामिल दलिया स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। साथ ही भोजन की स्वच्छता, पौष्टिकता और निर्धारित मानकों के अनुसार वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत किए गए इस निरीक्षण में कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने से लेकर बच्चों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया में स्वच्छता के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। कलेक्टर चंद्रा ने केंद्र में दर्ज कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी लेते हुए उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों के टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र से वितरित किए जाने वाले टेक होम राशन के नमूनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता के अनुरूप राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र बच्चों एवं महिलाओं को समय पर पोषण आहार मिल सके। आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने ग्राम ताल स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी जायजा लिया। यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, परियोजना अधिकारी सीमा सोलंकी, सुपरवाइजर शबनमबी रंगरेज सहित महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। |