|
विधायक एवं कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं,प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश नीमच : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जावद विकासखंड की नगर परिषद सिंगोली में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों एवं आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके गांव और क्षेत्र में ही सुनिश्चित करना है।उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के आवेदन शिविर में प्रस्तुत करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित शिविरों में प्राप्त 90 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। शिविर केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने शासकीय विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने, निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब रोकने तथा अधूरे कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया। साथ ही निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं रिवर्स चेकिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान योजनाओं के बेहतर संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को समझकर उनका समाधान भी किया जा रहा है। इसी क्रम में उद्यानिकी गतिविधियों, स्वामित्व योजना के पंजीयन कार्य , आंगनवाड़ी केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य शिविरों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही समाधान सुनिश्चित करना है , ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़े। इसी उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन स्वयं नागरिकों के बीच पहुंचकर समाधान शिविर आयोजित कर रहा है। सीमांकन, पेंशन, पेयजल, सड़क एवं फसल बीमा संबंधी आवेदन प्राप्त समाधान शिविर में नागरिकों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, डेम से संबंधित समस्याओं, पेयजल व्यवस्था, सड़क पर अमानक ब्रेकर निर्माण तथा आंगनवाड़ी एवं विद्यालयों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक एवं कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। छात्राओं से किया यशस्वी संवाद, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं करियर संबंधी प्रश्नों के दिए जवाब कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ यशस्वी संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं ने पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यमिता एवं भविष्य में करियर निर्माण से जुड़े प्रश्न पूछे। विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें शिक्षा के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने और उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत दो बालिकाओं को प्रमाण-पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत चार हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त गंभीर तीव्र कुपोषण से पीड़ित बच्चों की माताओं को बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए न्यूट्री बास्केट प्रदान की गईं। नशामुक्त मध्यप्रदेश बनाने की दिलाई शपथ कार्यक्रम में विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को नशामुक्त मध्यप्रदेश बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने, समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री सुरेश सेन, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। |