मंदसौर। विधानसभा क्षेत्र के शासकीय स्कूलों के शैक्षणिक और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़ी सौगात मिली है। विधायक विपिन जैन के प्रयासों से क्षेत्र के 8 शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में निर्माण कार्यों व आधुनिक संसाधनों के लिए कुल 7 करोड़ 96 लाख 66 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
इस राशि से स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, नया फर्नीचर, डिजिटल पढ़ाई के लिए इंटरएक्टिव पैनल, बाउंड्रीवॉल, शौचालय और बास्केटबॉल ग्राउंड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तर्ज पर बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
बजट के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रेवासदेवड़ा को सर्वाधिक 1 करोड़ 51 लाख 37 हजार, नंदावता को 1 करोड़ 34 लाख 1 हजार तथा धारियाखेड़ी को 1 करोड़ 24 लाख 43 हजार और रीछा लालमुहा को 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार रुपए आवंटित किए हैं। इसके अलावा शासकीय हाई स्कूल पानपुर के लिए 95 लाख 61 हजार, दाऊदखेड़ी के लिए 87 लाख 55 हजार, गुजरदा के लिए 54 लाख 74 हजार तथा बेहपुर के लिए 39 लाख 33 हजार रुपए स्वीकृत हुए हैं।
विधायक विपिन जैन ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और स्कूल शिक्षा मंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंदसौर विधानसभा के हर सरकारी स्कूल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए हमारे प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उक्त जानकारी राजनारायण लाड़, प्रतिनिधि मीडिया प्रभारी द्वारा दी गई।