रतलाम / सैलाना। सोशल मीडिया पर चार दिनों तक चली तरह-तरह की चर्चाओं और भ्रामक पोस्ट के बीच आखिरकार महादेव की भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ा कि केदारेश्वर धाम का पूरा परिसर श्रद्धालुओं से गुलजार हो गया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर अड़वानिया के समीप स्थित प्रसिद्ध केदारेश्वर महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। सुबह से शुरू हुआ भक्तों के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा।
मेले को लेकर पिछले चार दिनों से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और मेले में नहीं जाने संबंधी चर्चाएं सामने आ रही थीं। कुछ लोगों और जनप्रतिनिधियों के मेले में नहीं पहुंचने की जानकारी के बीच आयोजन को लेकर सवाल भी खड़े किए जा रहे थे। लेकिन तमाम चर्चाओं और अटकलों को दरकिनार कर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था का परिचय दिया। सरवन क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग केदारेश्वर धाम पहुंचे। दोपहर बाद श्रद्धालुओं के आवागमन में और तेजी आई तथा मेला परिसर में भारी चहल-पहल देखने को मिली।
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने कुंड में दीपक जलाकर टाटिया छोड़ी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मेले में लगी दुकानों पर ग्रामीणों ने जमकर खरीदारी की तो बच्चों ने झूलों का आनंद लिया।
पुलिस अधिकारियों ने संभाली कमान, दिनभर किया मेले का भ्रमण
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। एसडीओपी लेखराज मीणा और सैलाना थाना प्रभारी दीपक मंडलोई ने पुलिस बल के साथ पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर नजर रखते हुए पुलिस जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस बल की सक्रियता से यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हुई। सूत्रों के मुताबिक कुछ मनचलों को समझाइश देने के बाद भी नहीं मानने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर ही सबक सिखाया।
पंचायत की व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को मिली सुविधा
ग्राम पंचायत अड़वानिया द्वारा मेले में साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई। सरपंच जमना बाई ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंचायत की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
कुल मिलाकर सोशल मीडिया पर चली चर्चाओं और भ्रामक पोस्ट के बावजूद केदारेश्वर महादेव के दरबार में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। पुलिस प्रशासन, एसडीओपी लेखराज मीणा, थाना प्रभारी दीपक मंडलोई, ग्राम पंचायत अड़वानिया, सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से कार्तिक पूर्णिमा का मेला शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मेले में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आस्था के सामने अफवाहें टिक नहीं सकतीं और महादेव के भक्तों का उत्साह किसी प्रचार से कम नहीं होता।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत