रतलाम। सेवा, समर्पण और मानवता के पवित्र संकल्प को साकार करते हुए कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर रतलाम में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान को जीवनदान का सबसे बड़ा माध्यम मानते हुए महर्षि परशुराम ब्राह्मण सहकारी साख संस्था मर्यादित, रतलाम एवं जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति, रतलाम द्वारा संचालित रक्तदान सेवा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में मातृशक्ति और पुरुषों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। शिविर में कुल 49 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदाताओं के इस सेवाभावी योगदान ने मानवता और सामाजिक सरोकारों की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महर्षि परशुराम की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। शुभारंभ अवसर पर पं. संदीप व्यास, डॉ. प्रमोद कुमार भगत (फिजियोथैरेपिस्ट, चंडीगढ़), पं. राजेन्द्र कुमार जोशी, पं. सत्येन्द्र जोशी, पं. प्रभाकांत उपाध्याय, पं. चेतन्य शर्मा, पं. विजय उपाध्याय, वैदिक शर्मा, समाजसेवी उमेश माहेश्वरी, पं. संजीव शर्मा, पं. अमित शर्मा, पं. विजय हेमकांत शर्मा, श्रीमती सुनीता शर्मा एवं श्रीमती अंजू भंसाली सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले रक्तवीर योद्धा स्व. दिलीप भंसाली को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थितजनों ने उनके सेवाभावी योगदान को याद करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का उनका कार्य समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
शिविर में पं. सुनील दुबे, पं. मयंक देसाई, जितेन्द्र मेहता, सत्यनारायण कटारिया, अज्जूनाथ कालबेलिया, कन्हैयालाल, राधेश्याम, नारायणलाल, मुकेश एवं ईश्वरलाल सहित अनेक रक्तवीर योद्धाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
मेडिकल उपकरण बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों को मिल रही मदद
कार्यक्रम के दौरान जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति द्वारा संचालित आरोग्य प्रकोष्ठ (जीवन रक्षक मेडिकल उपकरण बैंक) की सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। संस्था के पास वर्तमान में 53 ऑक्सीजन सिलेंडर, 5 ऑक्सीजन मशीन, 56 मेडिकल पलंग, 55 व्हीलचेयर, 134 वॉकर, 127 कमोड चेयर एवं 11 नेब्यूलाइजर मशीन सहित विभिन्न जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध हैं। इन उपकरणों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी कठिन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
संस्था की ओर से वैदिक शर्मा ने उपस्थितजनों को आरोग्य प्रकोष्ठ की गतिविधियों और सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा कार्यों का विस्तार करते हुए शीघ्र ही मल्टी पैरामीटर मॉनिटर, अतिरिक्त ऑक्सीजन मशीन, जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर, सक्शन मशीन सहित अन्य आवश्यक मेडिकल उपकरण क्रय करने की योजना है। इसके साथ ही भविष्य में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने को लेकर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था अध्यक्ष श्रीमती आभा शर्मा ने किया, जबकि श्रीमती आशा दुबे ने उपस्थित अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर आयोजित यह आयोजन केवल रक्तदान शिविर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज को यह संदेश भी दिया कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देना ही मानव सेवा का सर्वोच्च स्वरूप है। 49 यूनिट रक्तदान और निरंतर संचालित मेडिकल उपकरण बैंक की सेवाएं रतलाम में सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना की मजबूत तस्वीर पेश करती हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत