|
आगर-मालवा : जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के संबंध में मध्यप्रदेश शासन, गृह विभाग द्वारा बुधवार को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन का आयोजन किया गया। उक्त सम्मेलन में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. शेर सिंह मीना जिले से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। सम्मेलन में भारत के महापंजीयक, मुख्य सचिव एवं अपर मुख्य सचिव गृह द्वारा जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 10 जनवरी 2027 से स्व-गणना तथा 25 जनवरी 2027 से प्रगणकों द्वारा जनगणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। प्रशिक्षण सम्मेलन में जनगणना के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण की रूपरेखा, जनसंख्या गणना संबंधी प्रश्नावली एवं डिजिटल तकनीक के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मोबाइल ऐप, स्व-गणना पोर्टल, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) तथा गणना खंड निर्माण पोर्टल के उपयोग के संबंध में अवगत कराया गया। सम्मेलन में जनगणना अधिनियम एवं नियमों के महत्वपूर्ण प्रावधानों, शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, जनगणना में शामिल किए जाने वाले व्यक्तियों एवं उनसे पूछे जाने वाले प्रश्नों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त जनगणना में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। प्रशिक्षण सम्मेलन का उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का सुव्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।इस दौरान अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना अधिकारी डॉ पी एस मालवीय एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। |