|
नीमच। देश की संपत्ति और किसानों के भविष्य को विदेशी हाथों में गिरवी रखने वाली कथित ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस ने गुरुवार को शहर में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन ने अपने राष्ट्रीय नेतृत्व सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी को असंवैधानिक बताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में व्यापक आक्रोश देखा जा रहा है। संगठन का कहना है कि केंद्र सरकार की नीतियां किसानों, युवाओं और आमजन के हितों के विपरीत हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्तर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी की गई, जिसका विरोध अब जिला स्तर पर भी किया जाएगा। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बन्ना) ने जारी प्रेस नोट में बताया कि 27 फरवरी को सायं 5 बजे शहर के भारत माता (फोर जीरो) चौराहा पर युवा कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना आक्रोश दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और किसानों-युवाओं के हितों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने जिलेभर के युवा कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूर्णतः लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा। |