रतलाम / बरखेड़ा
थाना बरखेड़ा कला पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरखेड़ा कला निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को फरियादी मोतीलाल मालवीय निवासी ग्राम जमुनिया शंकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका महिंद्रा ट्रैक्टर रात्रि में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। इस पर अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन किसी मार्ग से ट्रैक्टर के आवागमन का स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला। संदेह के आधार पर गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि फरियादी के भाई राजू उर्फ राजेश मालवीय ने ट्रैक्टर पहले ही बेच दिया था और फाइनेंस की किस्तों से बचने के लिए झूठी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राजू ने मुकेश पाटीदार व असलम शाह के साथ मिलकर दलाल प्रदीप कुमावत निवासी दलोदा के माध्यम से ट्रैक्टर मथुरा निवासी मदन मोहन को बेच दिया। बिक्री से जुड़े नोटरी दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
एसके फायनेंस आलोट शाखा ने भी धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। प्रकरण में धारा 318(4), 238 व 61(2) बीएनएस जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू उर्फ राजेश मालवीय (30), मुकेश पाटीदार (32), असलम शाह (36), मोतीलाल मालवीय (22) एवं रत्नीबाई (55) शामिल हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कच्छावा, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, राजेश चौधरी, शकील, ईश्वर धाकड़, महिला आरक्षक शारदा लोहार तथा साइबर सेल रतलाम का सराहनीय योगदान रहा।
क्राइम रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत