रतलाम / सरवन
जिले के सरवन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोलपुरा में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 426 बल्क लीटर शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 57,920 रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी नीलम बघेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरवन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित दबिश दी।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में दोपहर 2:20 से 3:20 बजे के बीच की गई।
पुलिस टीम (उप निरीक्षक किशनलाल रजक, प्रधान आरक्षक सूर्यपाल सिंह, आरक्षक हिम्मतसिंह राठौर एवं गजपालसिंह राठौर जब कोलपुरा क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि विनोद चरपोटा (पिता नारजी चरपोटा, उम्र 30 वर्ष, निवासी कोलपुरा) अपने घर के बरामदे में बड़ी मात्रा में अवैध बीयर एवं देशी शराब बिक्री के लिए रखी थी।
आरोपी शराब की पेटियों के पास बैठा मिला और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता से उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान 34 पेटियां ‘माउंट्स 6000 ओरिजिनल सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर’ (प्रत्येक पेटी में 24 केन × 500 एमएल, कुल 408 बल्क लीटर, कीमत 49,920 रुपये) तथा 2 पेटियां देशी प्लेन शराब (प्रत्येक में 50 क्वार्टर × 180 एमएल, कुल 18 बल्क लीटर, कीमत 8,000 रुपये) बरामद की गई। कुल जब्ती 426 बल्क लीटर रही।
आरोपी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने शराब हकरु (पिता वीरजी डिंडोर, निवासी कोलपुरा) से लाना स्वीकार किया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जब्ती पंचनामा पंचों की उपस्थिति में तैयार किया गया तथा 68 केन बीयर और 8 क्वार्टर के नमूने जांच हेतु लिए गए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई है। जब्त शराब को थाने के मालखाने में सुरक्षित रखा गया है।
मामले की विवेचना उप निरीक्षक किशनलाल रजक द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और क्षेत्र में ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।
Crime reporter Jitendra Kumawat