रतलाम /सैलाना
आगामी पर्व होली, धुलेंडी एवं पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार देर शाम वार्ड क्रमांक 2 में शांति एवं सद्भावना बैठक आयोजित की गई। बैठक एसडीओपी नीलम बघेल एवं थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, जिसमें दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों, युवाओं और वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था बनाए रखना था।
एसडीओपी नीलम बघेल ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि होली और रमजान जैसे पावन पर्व हमारी सांस्कृतिक विविधता और एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने जानकारी दी कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए संकल्प लिया कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। इस अवसर पर वार्ड पार्षद सलोनी प्रशांत मांडोत भी अपने वार्डवासियों के साथ प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल के साथ हुआ।
Crime reporter Jitendra Kumawat