रतलाम / सैलाना
(1) कल्याण केदारेश्वर घाट पर तेल से भरे ट्रक में भीषण आग, 30 लाख का नुकसान
(2) अहमदाबाद से रतलाम आ रहा ट्रक घाट पर जला, 1500 तेल के डिब्बे राख
(3) शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, डीजल टैंक तक पहुंचीं लपटें, दो घंटे बाद काबू
(4) सैलाना-सरवन मार्ग पर देर रात हादसा, फायर ब्रिगेड की मशक्कत से टला बड़ा खतरा
(5) ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान, घाट पर जलकर खाक हुआ तेल से भरा ट्रक
सैलाना-सरवन मार्ग स्थित कल्याण केदारेश्वर घाट पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। गुजरात के अहमदाबाद से रतलाम (Ratlam) आ रहा खाने के तेल से भरा ट्रक रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच अचानक आग की चपेट में आ गया। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार घाट चढ़ते समय ट्रक के केबिन से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग डीजल टैंक तक पहुंच गई, जिससे पूरा वाहन धू-धूकर जलने लगा। ट्रक में करीब 1500 डिब्बे खाद्य तेल (Edible Oil) लदे थे, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इस हादसे में लगभग 30 लाख रुपए के आर्थिक नुकसान का अनुमान है।
ट्रक चालक रशीद पिता कल्लुखा (निवासी टैंकर रोड, रतलाम) ने बताया कि वह अहमदाबाद से तेल लोड कर रतलाम के कृष्णा ट्रेडिंग के लिए आ रहा था। अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई और देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि चालक और क्लीनर समय रहते ट्रक से बाहर कूद गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना और रतलाम से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुरक्षा की दृष्टि से सरवन मार्ग को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित परिषद के कर्मचारी भी पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। आग बुझने के बाद मार्ग को पुनः सुचारू कर दिया गया।
Crime reporter Jitendra Kumawat