|
नीमच। कथित विदेशी ट्रेड डील और एआई समिट के दौरान हुई गिरफ्तारियों के विरोध में शुक्रवार शाम शहर में यूथ कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। विजय टॉकीज चौराहे पर एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा तथा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया। यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों का आरोप था कि केंद्र सरकार देश की संपत्ति और किसानों के भविष्य को प्रभावित करने वाले निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने के दौरान एआई समिट में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत 12 नेताओं को गिरफ्तार किया गया, जो पूरी तरह असंवैधानिक है। प्रदर्शनकारियों ने इन सभी नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की और इसे युवाओं की आवाज दबाने की कार्रवाई बताया। इसी मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय पर यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार नेताओं को शीघ्र रिहा नहीं किया गया और कथित जनविरोधी नीतियों पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से अर्धनग्न होकर विरोध दर्ज कराया। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बन्ना) ने कहा कि युवाओं और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद के बजाय दमन की नीति अपना रही है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक संकेत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन लोकतांत्रिक दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है, लेकिन यदि अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को चरणबद्ध रूप से तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि विदेशी ट्रेड डील को सार्वजनिक किया जाए और उसकी शर्तों को स्पष्ट किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि यदि डील देशहित में है तो सरकार को पारदर्शिता बरतनी चाहिए। उन्होंने किसानों और युवाओं से जागरूक रहने तथा लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की अपील भी की। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरूण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, यूथ कांग्रेस जिला महासचिव पुष्पेंद्र सिंह, अर्जुन गुर्जर, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कमल छपरीबंद, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष जावद युवराज झरिया, मानवेंद्र सिंह, निर्मल पाटीदार, अर्जुन धाकड़, सत्यनारायण भील, वैभव जैन, अरबाज, विक्रम सिंह, साहिल, यश सिंगोलिया, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष कुंदन खींची, कुकड़ेश्वर ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद धनगर, रामपुरा ब्लॉक अध्यक्ष रोहित गुर्जर, पूर्व जिला महामंत्री महेंद्र उपाध्याय, रघुवीर सिंह, श्याम सिंह, रवि चौधरी, विक्रम सालवी, सुंदर गुर्जर, नदीम, शारुख, अंकित जैन, प्रमोद पिपलीवाल सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। |