|
सुसनेर: नगर में आगामी 27 अप्रैल को आयोजित होने वाले गो आह्वान अभियान को लेकर गौ भक्तों द्वारा जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर के विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को गौ संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर के श्री दर्शन सागर ज्ञान मंदिर एवं इन्वेचर स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गौ माता के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है और प्राचीन काल से ही गौ सेवा और गौ संरक्षण को धर्म और समाज की सेवा माना गया है।कार्यक्रम में उपस्थित गौ भक्तों ने विद्यार्थियों को बताया कि देशभर में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने तथा गौ संरक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य से गो आह्वान अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग गौ संरक्षण के लिए आगे आ सकें। इस अवसर पर सत्यनारायण सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गौ माता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं बल्कि भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधार भी रही है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौ संरक्षण के लिए जागरूक होना चाहिए और इस दिशा में अपना योगदान देना चाहिए। वहीं वर्षा राठौर ने विद्यार्थियों को गौ संरक्षण की शपथ दिलाई और उन्हें गौ माता के प्रति सम्मान और सेवा की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान के तहत 27 अप्रैल को सुसनेर में तहसीलदार को प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा। जिसमें गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा गौ संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी। इसके लिए नगर में लगातार जनजागरण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रांशि पांडे, स्कूल संचालक दिनेश जैन, योगेश जैन सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया। |