|
कलेक्टर ने दिए अधिकाधिक लक्षित बालिकाओं को टीकाकरण केंद्र लाकर वेक्सीनेशन करवाने के निर्देश नीमच : जिले में किशोरी बालिकाओं में सर्वाईकल केंसर की रोकथाम के लिए नि:शुल्क एच.पी.वी. टीकाकरण के लिए कल 11 मार्च 2026 को महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने 14 से 15 वर्ष तक की चिन्हित बालिकाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर स्थापित टीकाकरण केंद्रों पर लाकर उनका एचपीवी वैक्सीनेशन करवाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, जनपद सी.ई.ओ. और सभी सीएमओं को दिए हैं। कलेक्टर श्री चंद्रा ने समय सीमा पत्रों के निराकरण की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए, कि सभी जिला नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र की 5-5 नोडल पंचायतों का बुधवार को भ्रमण कर, एच.पी.वी.टीकाकरण के लिए गठित पांच सदस्यीय टीमों के सदस्यों को प्रेरित कर, अधिकाधिक लक्षित बालिकाओं को मोबिलाईज कर उनका एच.पी.वी. टीकाकरण सुनिश्चित करवाएंगे। एसडीएम एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी टीकाकरण केंद्रों का भ्रमण कर, इस महाअभियान की मॉनिटरिंग करेंगे। बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने जिले में नरवाई प्रबंधन के संबंध में किसानों को जागरूक करने और नरवाई जलाने की घटनाओं को प्रभावी तरीके से रोकने के लिए उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए है। समझाईश के बाद भी यदि कोई किसान अपने खेतों में नरवाई जलाएगा, तो उसके विरूद्ध कार्यवाही की जावेगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए है, कि राजस्व एवं कृषि विभाग का मैदानी अमला नरवाई जलाने की घटनाओं पर कडी निगरानी रखे और सुनिश्चित करें, कि जिले में नरवाई जलाने की कोई घटना ना हो। बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने नगरपालिका नीमच को 100, नगर परिषदों को 50-50 एवं नगर पंचायतों को 30-30 लक्षित बालिकाओं का एक दिन में बुधवार को एच.पी.वी. टीकाकरण करवाने का लक्ष्य प्रदान किया है। सभी जिला नोडल अधिकारियों को अपने क्षेत्र की पंचायतों में 20-20 बालिकाओं का एच.पी.वी.टीकाकरण करवाने का लक्ष्य भी दिया हैं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर्स एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे। |