|
नीमच। थाना नीमच सिटी क्षेत्र में हाईवे रोड स्थित बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पम्प पर रास्ता भटक गए दो मासूम बच्चों को डायल-112 पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित उनके परिजनों से मिला दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि थाना नीमच सिटी क्षेत्र अंतर्गत हाईवे रोड बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पम्प पर दो छोटे बच्चे मिले हैं, जिनका अपने परिजनों से संपर्क टूट गया है और उन्हें पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही तत्काल नीमच सिटी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मौके पर रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह चौहान और पायलट विनोद शर्मा मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को संरक्षण में लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे एक पिकअप वाहन से जा रहे थे। पेट्रोल पम्प पर पिकअप में पेट्रोल डलवाते समय वे पानी पीने के लिए नीचे उतर गए, तभी पिकअप वाहन वहां से निकल गया और वे पीछे छूट गए। डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन के नंबर के आधार पर संपर्क नंबर प्राप्त किया और परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाना बुलाया। इसके बाद बच्चों को एफआरव्ही वाहन से सुरक्षित थाना नीमच सिटी लाया गया। थाने पहुंचने पर परिजनों की मौजूदगी में बच्चों की पहचान और सत्यापन कराया गया, जिसके बाद दोनों मासूमों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। |