|
सीतामऊ। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वर विद्यालय के प्रभु उपहार भवन परिसर में महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति के सम्मान के साथ आध्यात्मिक संदेशों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सविता कुवर राठौड़ अध्यक्ष मध्य प्रदेश दहेज विरोधी संगठन, गुणवंती कोठारी सेवानिवृत्त शिक्षिका, सुनीता पालीवाल जिला महामंत्री भाजपा, उमा राठौर सेवानिवृत्त शिक्षिका, बीके श्याम दीदी मंदसौर, बीके कृष्णा दीदी सीतामऊ, बीके विद्युत लता, बीके हेमलता और बीके प्रीति द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सेवा केंद्र संचालिका बीके कृष्णा बहन ने सभी अतिथियों एवं मातृशक्ति का स्वागत शब्द सुमन के साथ किया। इस अवसर पर सविता कुवर राठौड़ ने कहा कि मातृशक्ति के बिना समाज अधूरा है। जिस घर में मातृशक्ति नहीं होती वह घर नहीं कहलाता और जहां मातृशक्ति सबको सम्मान देती है वह घर स्वर्ग बन जाता है। बीके श्याम दीदी मंदसौर ने कहा कि मां ही जीवन की पहली गुरु होती है और वही हमें संस्कार देती है। आज समाज में मातृशक्ति का विशेष योगदान है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्था विश्व की ऐसी संस्था है जिसे मातृशक्ति संचालित करती है। वरिष्ठ शिक्षिका गुणवंती कोठारी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग टीवी और मोबाइल में अधिक समय बिताने लगे हैं जिससे संस्कारों पर प्रभाव पड़ रहा है। यदि हम कुछ समय निकालकर ब्रह्माकुमारी संस्था में मेडिटेशन करें तो अपने संस्कारों में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। सुनीता पालीवाल जिला महामंत्री भाजपा ने कहा कि हम एक दिन महिला दिवस मनाते हैं, जबकि वास्तव में हर दिन महिला दिवस ही है क्योंकि महिलाओं के बिना घर का कोई भी कार्य पूर्ण नहीं हो सकता। आज महिलाएं घर के साथ समाज में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में उमा कुवर राठौड़ ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। महिलाओं के लिए लक्की ड्रॉ और क्रिएटिव एक्टिविटीज का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को उपहार प्रदान किए गए। समारोह के अंत में सभी को होली का तिलक लगाकर ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूजा बहन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बीके प्रीति बहन ने व्यक्त किया। रिपोर्ट : अंबालाल मकवाना |