|
|
चीताखेड़ा। गुरुवार सुबह चीताखेड़ा क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब प्यास बुझाने पहुंचे एक सांड (नंदी महाराज) का पैर फिसलने से वह किसान श्यामलाल जावरिया के बिना मुंडेर वाले करीब 30 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। किसान द्वारा तुरंत गौशाला संचालकों को सूचना दी गई, जिसके बाद गौशाला अध्यक्ष बसंतीलाल जैन और राजेश जैन जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। नंदी महाराज को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए मुकेश गाड़ी लौहार, कारूलाल मीणा और रवि माली ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए रस्सियों के सहारे कुएं में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और जेसीबी चालक शिवलाल मीणा की सूझबूझ से नंदी महाराज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जैसे ही सांड को बाहर निकाला गया, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। गौशाला संचालक बसंतीलाल जैन ने रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने वाले कारूलाल मीणा, मुकेश गाड़ी लौहार, रवि माली और जेसीबी चालक शिवलाल मीणा का आभार व्यक्त किया। रिपोर्ट : दशरथ माली |