|
|
नीमच : जल जीवन मिशन अंतर्गत गांधीसागर-2 समूह जल प्रदाय योजना की पानी टंकी में सामने आए लीकेज मामले पर म.प्र. जल निगम मर्यादित ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि यह लीकेज प्रारंभिक टेस्टिंग अवधि के दौरान पाया गया है और इसका सुधार कार्य तेजी से किया जा रहा है। महाप्रबंधक धीरेंद्र कुमार बिजोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दाता अमरपुरा के उपसंग्रामपुर ग्राम में निर्मित पानी की टंकी वर्तमान में टेस्टिंग चरण में है। इसी दौरान वर्टिकल पाइप के जॉइंट में मामूली लीकेज सामने आया, जिसे तकनीकी प्रक्रिया के तहत सामान्य माना जाता है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग के दौरान इस प्रकार की छोटी तकनीकी कमियों की पहचान कर तत्काल सुधार किया जाता है। संबंधित पाइप लाइन में सुधार कार्य प्रगतिरत है और जल्द ही इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। महाप्रबंधक ने यह भी स्पष्ट किया कि टंकी से वर्तमान में 4 गांवों में नियमित रूप से पानी की सप्लाई की जा रही है और जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। टेस्टिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद योजना को अंतिम रूप से संचालित किया जाएगा। |