तंत्र-मंत्र के नाम पर 7.70 लाख की ठगी, नोटों की बारिश दिखाकर बनाया शिकार
मंदसौर जिले में अंधविश्वास का बड़ा खेल सामने आया है। थाना अफजलपुर पुलिस ने तंत्र-मंत्र और नोटों की बारिश के नाम पर लोगों को ठगने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार नंदावदा निवासी वर्दीचन्द्र किर को करीब 8 माह पहले यह कहकर झांसे में लिया गया कि एक कथित गुरुजी तंत्र-मंत्र से धन दोगुना कर देते हैं और नोटों की बारिश करवाते हैं। ग्राम झावल के खेतों में पूजा-पाठ के नाम पर आरोपियों ने उससे 2 लाख 51 हजार रुपये वसूल लिए।
इसके बाद ओंकारेश्वर में दोबारा पूजा करवाई गई, जहां गिरोह के एक सदस्य ने मरने का झूठा नाटक किया। आरोपियों ने फरियादी को डराकर कहा कि पूजा के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई है। भयभीत फरियादी से किस्तों में 5 लाख 20 हजार रुपये और ऐंठ लिए गए। इस तरह कुल 7 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की गई।
कुछ समय बाद आरोपी अमर सिंह ने नशे की हालत में पूरा राज खोल दिया कि मरने वाला व्यक्ति जीवित है। सच्चाई सामने आने पर पीड़ित ने अफजलपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन और थाना प्रभारी हरीश मालवीय के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जगदीश सोलंकी और भैरूलाल कनारची को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, एक अल्टो कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
फरार आरोपी वाहिद हुसैन उर्फ नकली गुरुजी और अमर सिंह बागरी की तलाश जारी है।
अंधविश्वास और लालच इंसान को बड़ी मुसीबत में डाल सकते हैं। पुलिस ने लोगों से ऐसे झांसेबाजों से सतर्क रहने की अपील की है।