रतलाम / रिंगनोद
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माननखेड़ा चौकी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार से 120 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ कार को भी जब्त करते हुए कुल ₹17.40 लाख मूल्य का मशरूका अपने कब्जे में लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में माननखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश मालवीय एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को एक राहगीर ने सूचना दी कि ताऊ के ढाबे के पास सड़क किनारे एक क्रेटा कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक GJ-08-FA-3766 संदिग्ध अवस्था में मिली। कार लॉक थी तथा उसके शीशों पर अंदर की ओर काले रंग की जाली लगी हुई थी। संदेह होने पर पुलिस ने स्वतंत्र पंचों की मौजूदगी में वाहन का लॉक तोड़कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के अंदर रखे चार प्लास्टिक के बोरों से 120 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए डोडाचूरा और क्रेटा कार को जब्त कर लिया। बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत ₹2.40 लाख तथा कार की कीमत करीब ₹15 लाख बताई गई है।
इस संबंध में थाना रिंगनोद में अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन के पंजीयन के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है तथा चालक सहित तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी, तथा सैनिक सुरेश उपाध्याय, जालमसिंह एवं शांतिलाल बामनिया की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
Crime reporter Jitendra Kumawat