रतलाम / जावरा
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल जावरा द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्थानीय अकेला हनुमान मंदिर परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम नगर मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जबकि जिला महामंत्री एवं मंडल प्रभारी जयवंत कोठारी तथा जिला महामंत्री महेश सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने कहा कि जिस प्रकार मां हमें जन्म देकर जीवन का उद्देश्य प्रदान करती है, उसी प्रकार वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। एक पेड़ हमें ऑक्सीजन, छाया, फल-फूल और अनेक प्रकार के लाभ प्रदान करता है, इसलिए वृक्षों का संरक्षण और संवर्धन करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पेड़ों को मां के समान सम्मान और संरक्षण मिलना चाहिए।
जिला महामंत्री महेश सोनी ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
नगर मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि भारत माता ने हमें सब कुछ दिया है और अब हमारा कर्तव्य है कि हम प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधे और वृक्ष की सुरक्षा परिवार के सदस्य की तरह की जानी चाहिए।
मीडिया प्रभारी संदीप रांका ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा के केंद्रीय संगठन के निर्देशानुसार जावरा नगर मंडल द्वारा यह विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। वृक्षारोपण के पश्चात समाजसेवी प्रकाश बालचंदानी द्वारा उपस्थित कार्यकर्ताओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल के महामंत्री अनिल धारीवाल एवं मनीष ऊंटवाल सहित नंदकिशोर महावार, मनोहर पांचाल, प्रमोद रावल, रजत सोनी, पंकज कांठेड़, सुभाष टुकड़िया, प्रकाश बालचंदानी, दशरथ कसानिया, शरीफ कुरैशी, कृष्णकांत मोयनिवर, मोतीलाल यादव, अनिल त्रिवेदी, सुरेश चोरड़िया, शरद डुंगरवाल, महेंद्र चौहान समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अनिल धारीवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महामंत्री मनीष ऊंटवाल ने व्यक्त किया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा नगर मंडल जावरा ने न केवल पौधारोपण किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देकर समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराया।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत