रतलाम : भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला रतलाम ने विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिले भर के नागरिकों सामाजिक संगठनों, युवाओं और रक्तदान के प्रति समर्पित स्वयंसेवियों से व्यापक रक्तदान करने का आह्वान किया है। 14 जून रविवार को मनाए जा रहे विश्व रक्तदाता दिवस पर रेडक्रॉस सोसाइटी ने जिले में कई स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया है जिसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अपील की गई है।
रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष प्रीतेश गादिया ने कहा कि वर्तमान समय में जिले सहित पूरे क्षेत्र में रक्त की कमी एक गंभीर समस्या बन गई है। कई गंभीर बीमारियों, दुर्घटनाओं प्रसव और सर्जरी के मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध न होने से जान का खतरा पैदा हो जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा रक्तदान एक महादान है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचा सकता है। हम सभी से अपील करते हैं कि वे अपने निकटतम ब्लड बैंक या आयोजित शिविरों में पहुंचकर रक्तदान अवश्य करें।
विश्व रक्तदाता दिवस पर जिले में होंगे कई रक्तदान शिविर
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक रतलाम, मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक और मानव सेवा समिति जावरा में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सभी शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होंगे और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद इच्छुक रक्तदाताओं से रक्त संग्रहण किया जाएगा। रेडक्रॉस सोसाइटी ने सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए इन शिविरों की तैयारी की है।
रेडक्रॉस परिवार ने आमजन से अपील की है कि रक्तदान न केवल एक चिकित्सकीय आवश्यकता है बल्कि यह समाजसेवा का एक उच्चतम रूप भी है। रक्तदान करने वाले व्यक्ति स्वयं स्वस्थ महसूस करते हैं और दूसरों की जिंदगी बचाने का संतोष भी प्राप्त करते हैं। समाज में रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए युवाओं महिलाओं कॉलेज छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
अन्य पदाधिकारियों की अपील
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के वाईस चेयरमैन सुशील मूणत कोषाध्यक्ष संजय लूनिया सचिव मानस पुरोहित प्रदेश वाइस चेयरमैन मनीष रावल संचालक मंडल के सदस्य हेमंत मूणत शरद जोशी सुलोचना शर्मा सुनील पारीक अशोक लाला राजेश राका दिनेश बरमेचा सहित रेडक्रॉस परिवार के सभी सदस्यों ने एक स्वर में सभी नागरिकों से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर हम न केवल रक्त की कमी को दूर कर सकते हैं बल्कि एक संवेदनशील और जागरूक समाज का निर्माण भी कर सकते हैं।
जनता से अपील की जाती है कि 14 जून को अपने परिवार मित्रों और पड़ोसियों के साथ रक्तदान शिविरों में पहुंचें। अपना रक्तदान रिकॉर्ड बनवाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। रक्तदान कर आप न केवल किसी की जान बचा सकते हैं बल्कि एक बेहतर समाज के निर्माण में भी अपना योगदान दे सकते हैं।