|
|
नीमच । प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 30 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा एवं एक मोटरसाइकिल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को हर्कियाखाल पुलिस सहायता केन्द्र के पास महू-नीमच रोड पर नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 14 एमडी 5410) सवार युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रस्सी से बंधे काले प्लास्टिक के कट्टे में 30 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद पिता कारूलाल बावरी राठौर (30 वर्ष), निवासी मनासा खुर्द, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर बताया। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि बरामद डोडाचूरा उसे नेपालसिंह निवासी सेमली मेवाड़ द्वारा उपलब्ध कराया गया था। पुलिस ने मामले में नेपालसिंह को भी आरोपी बनाया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जब्त सामग्री - 30 किलोग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा - हीरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 14 एमडी 5410 जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव सहित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केन्द्र की टीम का सराहनीय योगदान रहा। |