रतलाम
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स-डे) के अवसर पर समाजसेवी स्वर्गीय अश्विनी शर्मा की स्मृति में जिला चिकित्सालय रतलाम में आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन कैंप मानव सेवा और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया। जिले के चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से शिविर में 106 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने अपने इस कदम से यह संदेश दिया कि चिकित्सक केवल उपचार ही नहीं करते, बल्कि स्वयं आगे बढ़कर समाज को सेवा और समर्पण का मार्ग भी दिखाते हैं।
मुख्य अतिथि कलेक्टर मिशा सिंह ने कहा कि चिकित्सा सेवा मानवता की सबसे पवित्र सेवा है और रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे सरल माध्यम है। उन्होंने गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों और अन्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान इच्छुक नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे जिसके लिए ब्लड डोनेशन वाहन कलेक्ट्रेट परिसर में उपलब्ध रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर मिशा सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित सभी अतिथियों ने अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
स्वागत भाषण में मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. भरत निनामा ने बताया कि 1 जुलाई को महान चिकित्सक एवं पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन चिकित्सकों के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करने का अवसर है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वर्गीय अश्विनी शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में 100 से अधिक बार रक्तदान कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स-डे पर रक्तदान करना स्व. शर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने यह भी बताया कि रतलाम में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोविंद काकानी सहित कई रक्तवीर 100 से अधिक बार तथा अनेक लोग 50 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।
रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने पर डॉ. हेतल परमार, नर्सिंग ऑफिसर जीनत स्टीफन, डॉ. सपना बोरीवाल, लोकपाल देवड़ा एवं उनकी पत्नी हेमलता कुंवर को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष रावल, रतलाम जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन प्रीतेश गादिया, भाजपा जिला मंत्री अनुज शर्मा, समाजसेवी हेमंत मूणत, सुशील मूणत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा, आरएमओ डॉ. अभिषेक अरोड़ा, अस्पताल प्रबंधक डॉ. शिवम श्रीवास्तव, डॉ. चेतन खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं रक्तदाता उपस्थित रहे।
शिविर को सफल बनाने में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सी.पी. राठौड़, डॉ. योगेन्द्र गामड़ (पैथोलॉजिस्ट), टेक्निशियन कमलेश यादव, सुनील कुमावत, योगेन्द्र टटावत, रमेश सोलंकी, नम्रता सोलंकी, रुक्मणी यादव, नर्सिंग ऑफिसर दीपा उज्जवल तथा वार्ड ब्वॉय दीपक छपरी सहित ब्लड बैंक की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा मध्यप्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन के जिला उपाध्यक्ष अविनाश पोरवाल, दीपक पांचाल, चिंटू कुमार, रशीद खान, मनीष दीक्षित, अमित नागर, सचिन तिवारी, वरुण सोलंकी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार मध्यप्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन, रतलाम के सचिव निखिल मिश्रा ने व्यक्त किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत