रतलाम / सैलाना। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सैलाना नगर ने अपने सबसे वरिष्ठ एवं सम्मानित चिकित्सक डॉ. एन.के. चौधरी के प्रति गहरी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया। नगर के गणमान्य नागरिक उनके निवास पर पहुंचे और पुष्पमालाओं, मोती माला तथा शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इस भावपूर्ण अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने कहा कि डॉ. चौधरी ने अपने जीवन के 55 वर्षों से अधिक समय चिकित्सा सेवा को समर्पित कर हजारों मरीजों को नया जीवन और नई उम्मीद दी है। उनका योगदान केवल एक चिकित्सक का नहीं बल्कि समाजसेवा की मिसाल है।
डॉ. एन.के. चौधरी ने वर्ष 1971 में सैलाना के शासकीय अस्पताल में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने सेवा का संकल्प नहीं छोड़ा और नगर में अपना क्लीनिक संचालित करते हुए आज भी अत्यंत अल्प शुल्क पर मरीजों का उपचार कर रहे हैं। 81 वर्ष की आयु में भी उनका सेवा भाव और कार्य के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
क्षेत्र के अधिकांश परिवारों की कई पीढ़ियों का उपचार कर चुके डॉ. चौधरी अपने विशाल अनुभव, सरल स्वभाव, विनम्र व्यवहार और मानवीय संवेदनाओं के कारण लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के हजारों परिवार उन्हें केवल डॉक्टर नहीं बल्कि अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी विजय जोशी, संजय रांका, विमल मांडोत, वीरेन्द्र त्रिवेदी, पारस जैन, संजय मांडोत, अजय कोठारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर सेवा कार्यों की कामना करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित चिकित्सकों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
इसी अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक की शाखा प्रबंधक शालिनी शाह ने भी डॉ. एन.के. चौधरी सहित डॉ. शैलेश डांगे, डॉ. दीपक जोशी एवं डॉ. ओ.पी. जोशी के अस्पताल एवं क्लीनिक पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर केवल बीमारी का उपचार नहीं करते बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और आश्वस्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉक्टर्स डे पर आयोजित यह सम्मान समारोह सैलाना की उस संस्कृति का प्रतीक बना जिसमें समाज अपने सेवाभावी व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना नहीं भूलता। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एन.के. चौधरी का जीवन समर्पण, सेवा और मानवता का ऐसा प्रेरक उदाहरण है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा बना रहेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत