रतलाम / सैलाना। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए सैलाना पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी अभियान के तहत थाना सैलाना पुलिस ने एक प्रभावी कार्रवाई करते हुए बोदिना फंटा क्षेत्र से मोटरसाइकिल पर अवैध शराब की खेप ले जा रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66 लीटर अवैध शराब बरामद की है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। जब्त किए गए शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 49 हजार 340 रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को थाना पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बोरे में भरकर अवैध शराब लेकर बोदिना फंटा की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति बनाकर राधा स्वामी सत्संग के सामने घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मनोहर पिता मोहन मईडा (28 वर्ष) एवं धर्मेन्द्र पिता मोहन मईडा (26 वर्ष) निवासी महुडी पाड़ा (सकरावदा) थाना सैलाना जिला रतलाम बताए। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल और बोरे की तलाशी लेने पर देशी प्लेन शराब की 6 पेटियां जिनमें 300 क्वार्टर (54 लीटर) तथा लेमाउंट कंपनी की बीयर की 1 पेटी जिसमें 24 कैन (12 लीटर) बरामद हुई। कुल मिलाकर 66 लीटर अवैध शराब जब्त की गई जिसकी अनुमानित कीमत 29 हजार 340 रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से शराब के परिवहन संबंधी वैध लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने को कहा लेकिन दोनों कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये है।
थाना सैलाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में यह पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जा सके।
इस सफल कार्रवाई में एएसआई शंकर सिंह शक्तावत प्रधान आरक्षक मनीष ओझा तथा आरक्षक फकीरचंद्र सोलंकी तूफान भूरिया सूर्यप्रसाद और दिनेश पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई की जाएगी। सैलाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत