रतलाम। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत रविवार को जिलेभर में सेवा और जनकल्याण गतिविधियों का भव्य शुभारंभ किया गया। 5 जुलाई से 12 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सेवा संस्कार को मजबूत करना पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहयोग और जनजागरूकता का संदेश पहुंचाना है।
सेवा सप्ताह की शुरुआत श्मशान घाटों की साफ-सफाई और वृक्षारोपण अभियान से हुई। इसके साथ ही विभिन्न मठ-मंदिरों की साफ-सफाई कर धार्मिक स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का कार्य किया गया। कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश भी दिया।
सेवा सप्ताह के दौरान पूरे जिले एवं आठों प्रखंडों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत 12 श्मशान घाटों की साफ-सफाई, 200 पौधों का वृक्षारोपण, 16 गौशालाओं की सफाई, 41 मठ-मंदिरों की स्वच्छता, 4 वृद्धाश्रमों में भोजन सेवा तथा स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा कार्यों को सफल बनाया।
अभियान में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा, बजरंग दल के जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला सहसंयोजक मुन्नू कुशवाहा, जिला सहसंयोजक आशु टांक सहित जिलेभर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे। सभी ने सेवा कार्यों में श्रमदान कर समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा सप्ताह के शेष दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और जनहित से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके और समाज में सेवा भावना को सशक्त बनाया जा सके।
विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण गौसेवा एवं मानव सेवा जैसे कार्यों में अपना योगदान दें और समाज तथा राष्ट्र निर्माण की इस मुहिम को सफल बनाने में सहयोग करें। इसकी जानकारी विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के सह प्रचार-प्रसार प्रमुख रिक्की सेन द्वारा दी गई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत