रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माणकचौक थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अशोक नगर निवासी हिस्ट्रीशीटर आरोपी शादाब उर्फ भूरा पिता लईक अहमद खोखर (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MDMA (एमडी) बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस उसके सप्लाई नेटवर्क और अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र घनघोरिया द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम क्षेत्र में लगातार अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति एमडी लेकर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11 ग्राम MDMA बरामद हुई, जिसे मौके पर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना माणकचौक अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, इसके स्रोत, सप्लाई चेन तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शादाब उर्फ भूरा पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2013 में धारा 294, 307, 34 भादवि, वर्ष 2015 में जुआ एक्ट, वर्ष 2019 में धारा 498-ए, 294, 506, 34 भादवि एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा वर्ष 2024 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हो चुका है। वर्तमान मामले सहित आरोपी के विरुद्ध अब तक कुल पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, प्रधान आरक्षक राजसिंह, प्रधान आरक्षक विजय झोडिया, प्रधान आरक्षक दीपक बोरासी, प्रधान आरक्षक राजेश मईडा, आरक्षक महेश मईडा, आरक्षक मनोहर सिंह, आरक्षक हेमन्त यादव, आरक्षक जीवन विश्वकर्मा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, आरक्षक संदीप शर्मा, आरक्षक खिलाड़ी जाट तथा महिला आरक्षक प्रवीणा की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत