रतलाम / जावरा। लायन्स क्लब जावरा द्वारा संचालित लायन्स नेत्र चिकित्सालय में नेत्र ऑपरेशन के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाई एवं चश्मा वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष सुशील कोच्चटा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष राजेश शर्मा एवं अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के अध्यक्ष सुमित दसेड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीजों उनके परिजनों तथा लायन्स क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि सुशील कोच्चटा ने कहा कि लायन्स नेत्र चिकित्सालय की पहचान केवल जावरा तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे प्रदेश में इसकी सेवाओं की सराहना की जाती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं इसी चिकित्सालय में नेत्र ऑपरेशन करवाया है और यहां की चिकित्सा व्यवस्था तथा सेवा भावना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सफल ऑपरेशन कराने वाले सभी मरीजों को शुभकामनाएं देते हुए चिकित्सालय के सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
विशिष्ट अतिथि राजेश शर्मा ने कहा कि लायन्स क्लब जावरा मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के सदस्यों का भी इसी चिकित्सालय में सफल उपचार हुआ है जिससे उन्हें चिकित्सालय की गुणवत्ता और सेवा पर पूरा विश्वास है। उन्होंने चिकित्सकों एवं पूरे स्टाफ के समर्पण की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि सुमित दसेड़ा ने कहा कि दृष्टि ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने अपने परिवार की ओर से स्वर्गीय संघवी इन्दरमल जी दसेड़ा की स्मृति में नेत्र चिकित्सालय स्मृति योजना के लिए आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में पूर्वाध्यक्ष डॉ. एच. एस. राठौड़ ने चिकित्सालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। लायन्स क्लब जावरा के सचिव ला. संदीप रांका ने बताया कि नए सत्र के अंतर्गत 1 जुलाई से 10 जुलाई तक चिकित्सालय में 236 मरीजों के सफल नेत्र ऑपरेशन किए गए तथा 2401 मरीजों का नेत्र परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। समारोह के दौरान ऑपरेशन कराने वाले सभी मरीजों को अतिथियों एवं लायन्स क्लब परिवार द्वारा निःशुल्क दवाई और चश्मों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में लायन्स क्लब जावरा के अध्यक्ष ला. सुधीर जैन ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया तथा मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पूर्वाध्यक्ष अनिल धारीवाल ने कहा कि दानदाताओं जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से चिकित्सालय निरंतर सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने मरीजों से चिकित्सकों एवं स्टाफ द्वारा बताई गई सावधानियों और दिनचर्या का नियमित पालन करने का आग्रह किया।
अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष ला. सुधीर जैन सचिव ला. संदीप रांका कोषाध्यक्ष ला. विपिन चोरडिया पूर्वाध्यक्ष डॉ. एच. एस. राठौड़ रमेश मेहता रजनीकांत शाह अनिल धारीवाल अशोक सेठिया विजय पामेचा सजी वर्गीस अनिल काला राजकुमार मारवाड़ी संजय गोधा अनूप शर्मा विजय राठौड़ तथा संजय चपडोद ने किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्वाध्यक्ष सजी वर्गीस ने किया जबकि आभार प्रदर्शन प्रथम उपाध्यक्ष राजकुमार मारवाड़ी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी सचिव ला. संदीप रांका ने दी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत