रतलाम / सैलाना। सैलाना थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए महज पांच दिन के भीतर चोरी गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सतर्कता, मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी चोरी की बाइक बेचने से पहले ही पुलिस के शिकंजे में आ गया। मामले में आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार फरियादी, जो ग्राम गोवर्धनपुरा का निवासी है तथा खेती और मजदूरी का कार्य करता है, 11 जुलाई 2026 को अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-43-ZM-2366 से खाद खरीदने सैलाना आया था। उसने सुबह करीब 11 बजे घंटाघर गेट के पास बाइक खड़ी की और खाद लेने चला गया। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर फरियादी ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/2026 अंतर्गत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक पिपलोदा फंटे स्थित देशी शराब दुकान के पीछे चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ईश्वर पिता हुरजी भगोरा (25 वर्ष), निवासी ग्राम मोरझर, थाना सरवन, जिला रतलाम बताया। थाने में पूछताछ के दौरान उसने घंटाघर सैलाना से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने केदारेश्वर घाटा, सरवन रोड के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस सफल कार्रवाई में एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह राठौर, उपनिरीक्षक शंकर सिंह शक्तावत, प्रधान आरक्षक मनीष कुमार ओझा, महिला आरक्षक टीना सिसोदिया, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, आरक्षक तूफान भूरिया, आरक्षक राजू निनामा, आरक्षक अर्जुन मकवाना, आरक्षक यशपाल धनगर, आरक्षक दिनेश पाटीदार एवं आरक्षक आनंद सिंह भाटी की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत