रतलाम/आलोट । आलोट क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विकासखंड आलोट स्थित सिविल अस्पताल में विधायक डॉ. चिंतामन मालवीय की अध्यक्षता में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और अस्पताल के उन्नयन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में क्षेत्र के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्लड बैंक की स्थापना, डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने तथा 100 बिस्तरीय अस्पताल के प्रस्ताव पर सहमति बनी।
बैठक में विधायक डॉ. चिंतामन मालवीय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं, दवाओं की व्यवस्था तथा भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने पर अपने सुझाव भी दिए।
बैठक में जनपद अध्यक्ष कालूसिंह परिहार, विधायक प्रतिनिधि अनिल चोपड़ा, सांसद प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश मालवीय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा, अनुविभागीय अधिकारी आनंद कुमार, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र मौर्य, मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. खराड़ी, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर कमलेश मुवेल, एनएचएम की उपयंत्री कामनी मालवीय, सिविल अस्पताल आलोट के डॉ. रोहित चौधरी, डॉ. अब्दुल कादिर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए निर्णयों को आलोट क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यदि ब्लड बैंक, डायलिसिस यूनिट और 100 बिस्तरीय अस्पताल की योजनाएं शीघ्र मूर्त रूप लेती हैं तो हजारों मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और जीवनरक्षक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे समय, धन और अनावश्यक परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
रिपोर्टर जीतेन्द्र कुमावत