रतलाम / नामली । सावन मास के दूसरे सोमवार पर आज सुबह से शुरू हुए बारिश के दौर के बीच नामली क्षेत्र के ग्राम पंचेड़ से अडवानिया स्थित केदारेश्वर महादेव मंदिर तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। आसमान से लगातार गिरती बारिश की बूंदें भी शिवभक्तों की आस्था और उत्साह को नहीं रोक सकीं। बारिश में भीगते हुए कावड़िए बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष करते हुए केदारेश्वर महादेव के लिए रवाना हुए।
कावड़ यात्रा में ग्राम पंचेड़ सहित आसपास के क्षेत्र के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी ग्रामीण मातृशक्ति और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे की भक्तिमय धुनों ढोल-नगाड़ों और भगवान भोलेनाथ के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। बारिश के गिरते पानी के बीच कावड़ लेकर आगे बढ़ते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं ने बारिश की परवाह किए बिना अपनी धार्मिक आस्था को सर्वोपरि रखते हुए यात्रा में सहभागिता की।
यात्रा के दौरान स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें रतलाम ग्रामीण के लोकप्रिय विधायक मथुरालाल डामर एवं प्रदेश महामंत्री दिलीप कुमार मकवाना सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। अतिथियों ने कावड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वहीं नागनाथ महादेव की झांकी पर माल्यार्पण कर भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा अर्पित की गई।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश धाकड़ राजेंद्रलाल जाट राकेश पाटीदार बद्रीनाथ डोडियार पूर्व जिला मंत्री विवेकानंद चौधरी किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहन चौधरी जनपद सदस्य राधेश्याम चंद्रवंशी एवं जनपद सदस्य श्रीमती मंगला कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पंचेड़ से कावड़ लेकर निकले श्रद्धालु अडवानिया केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे जहां विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख-शांति समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सावन सोमवार पर सुबह से शुरू हुई बारिश के बीच निकली इस कावड़ यात्रा ने धार्मिक आस्था की अनूठी तस्वीर पेश की। एक ओर आसमान से बारिश की बूंदें बरस रही थीं तो दूसरी ओर श्रद्धालुओं के कंठ से हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंज रहे थे। बारिश में भीगते हुए कावड़ लेकर आगे बढ़ते शिवभक्तों ने साबित कर दिया कि आस्था के सामने मौसम भी कोई बाधा नहीं है।
पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धा उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। पंचेड़ से अडवानिया केदारेश्वर तक निकली यह भव्य कावड़ यात्रा सावन सोमवार के अवसर पर क्षेत्र में आस्था और धार्मिक उल्लास का प्रमुख केंद्र बनी रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत