रतलाम / सैलाना। पीएमश्री शासकीय एकीकृत कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सैलाना में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, उत्साह और उल्लास के वातावरण में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। विद्यालय परिसर से लेकर नगर की सड़कों तक छात्राओं में देशप्रेम का जोश दिखाई दिया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अनुशासन, प्रतिभा और राष्ट्रभक्ति का शानदार परिचय देते हुए विभिन्न आयोजनों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य सुनीता छजलानी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से छात्राओं को मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
इसके बाद विद्यालय की एनसीसी कैडेट्स, रेड क्रॉस दल एवं अन्य छात्राएं सैलाना में आयोजित विशाल स्वतंत्रता दिवस रैली में शामिल हुईं। छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भारत माता की जय तथा स्वतंत्रता दिवस अमर रहे जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। रैली में छात्राओं का अनुशासन और उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा। विशाल रैली का समापन कृषि उपज मंडी सैलाना में हुआ।
कृषि उपज मंडी परिसर में एनसीसी कैडेट्स एवं रेड क्रॉस की छात्राओं ने विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। सीनियर कैडेट लवीना पाटीदार, लक्ष्मी पारगी एवं माधवी परिहार के साथ विद्यालय की एनसीसी अधिकारी माया मेहता ने अतिथियों को परेड निरीक्षण करवाया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी।
समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने संगीता दोहरे एवं नम्रता राठौर के मार्गदर्शन में आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों एवं प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।
प्रतियोगिताओं में पीएमश्री कन्या विद्यालय की एनसीसी ने मार्च पास्ट में प्रथम स्थान, जबकि रेड क्रॉस दल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं विद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम को भी प्रथम स्थान हासिल हुआ। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा।
समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश में आयोजित ऑल इंडिया ट्रैकिंग कैंप में भाग लेकर लौटी विद्यालय की एनसीसी छात्रा कुमारी खुशी जाट को विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली प्रतिभावान छात्राओं को भी मंच से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने छात्राओं को देशभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। विद्यालय की छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों और उपलब्धियों ने यह साबित किया कि शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रनिर्माण में बेटियां भी पूरी ताकत और समर्पण के साथ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत